किमाणा में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम, ग्रामीणों ने रखीं विभिन्न समस्याएं

Listen to this article

पेयजल, सड़क, शिक्षा, खेल मैदान और सोलर लाइट से जुड़ी मांगें उठीं, अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का दिया भरोसा

रुद्रप्रयाग, 23 सितंबर। विकासखंड ऊखीमठ के ग्राम पंचायत किमाणा में बुधवार को जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा की अध्यक्षता में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रार्थना पत्र प्रेषित किए।

स्वर्गीय डॉ. कैलाश पुष्पवाण को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्र के समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि स्वर्गीय डॉ. कैलाश पुष्पवाण को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज बनाने की शपथ ली।

पेयजल समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठा

ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण प्रभावित हो रही पेयजल आपूर्ति की समस्या प्रमुखता से रखी। जल जीवन मिशन के तहत सारी करोखी, पैंज और किमाणा पेयजल योजनाओं में शेष कनेक्शन पूरे करने तथा मुख्य स्रोत पर पेयजल चैंबर बनाने की मांग की गई।

इसके अलावा देवरियाताल-किलपुड़ा पेयजल योजना में दूषित पानी की आपूर्ति की समस्या से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने इसका शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

शिक्षा और खेल सुविधाओं पर भी जोर

ग्राम पैंज में खेल मैदान निर्माण तथा गांव में सोलर लाइट लगाने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैंज और राजकीय जूनियर हाई स्कूल पैंज में शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ विद्यालय भवनों एवं कक्षाओं के फर्श की मरम्मत कराने की मांग उठाई गई।

सड़क और सुरक्षा से जुड़ी मांगें

ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-4 के तहत प्रस्तावित किमाणा से कन्थया गांव तक सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ाने की मांग की। इसके साथ ही जंगली जानवरों से सुरक्षा, कृषि भूमि में घेरबाड़, चेकडैम निर्माण, क्षतिग्रस्त नालियों और पुस्तों की मरम्मत तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण की मांग भी रखी गई।

समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा

जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने कहा कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभागों को भेजकर आपसी समन्वय से शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। साथ ही कार्रवाई की जानकारी ग्रामीणों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुलेखा त्रिवेदी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुलेखा देवी, पूर्व प्रधान संदीप सिंह पुष्पवाण, वन सरपंच देवी शंकर, युवा मंगल दल अध्यक्ष रविंद्र सिंह, महिला मंगल दल अध्यक्ष भुवनेश्वरी देवी, कनिष्ठ सहायक सूचना विभाग अरुण भरतरी, ग्राम विकास अधिकारी उत्तम राणा, वन बीट अधिकारी ऋषिराज खोयाल, रोजगार सहायक गीता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *