उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार सपा: हाजी अब्दुल मतीन सिद्दकी
हरिद्वार, 11 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दकी के हरिद्वार पहुंचने पर ललतारौ पुल स्थित जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने अपनी रणनीति साझा की।
बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा संगठन
पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दकी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही पूरे प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली से जनता निराश और परेशान है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
गठबंधन पर अंतिम फैसला करेंगे अखिलेश यादव
कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली में सख्ती की जा रही है, लेकिन विपक्ष और जनता पीछे हटने वाली नहीं है।
उन्होंने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने आम जनता के हितों तथा सैनिकों के सम्मान के लिए अनेक कदम उठाए।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी, डॉ. राजेंद्र पाराशर, मशकूर कुरैशी, जिलाध्यक्ष साजिद अंसारी सहित आशीष यादव, लव कुमार दत्ता, नसीर अहमद, नरेंद्र गुज्जर, नईम अब्बासी, अभिषेक मिश्रा, तंजीत कुरैशी, बुंदु हसन, इस्लाम, रिजवान और राशिद राणा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
