सचिव नवनीत पांडेय ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन, श्रद्धालुओं से की स्वच्छता अभियान में भागीदारी की अपील

Listen to this article

‘कैरी मी बैक’ अभियान से जुड़े श्रद्धालु, केदारनाथ धाम को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर

रुद्रप्रयाग, 12 अक्टूबर। सचिव कार्मिक एवं सतर्कता नवनीत पांडेय ने श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने धाम में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया।

स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी

सचिव नवनीत पांडेय ने कहा कि केदारनाथ धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और हिमालयी पर्यावरण को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने की अपील की।

‘कैरी मी बैक’ अभियान में सहभागिता का आह्वान

धाम में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘कैरी मी बैक’ अभियान को प्रोत्साहित करते हुए सचिव ने श्रद्धालुओं से इसमें सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्लास्टिक की बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर और अन्य कचरा खुले में न फेंकें। अपने साथ लाए गए कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में डालें अथवा उचित निस्तारण के लिए वापस अपने साथ ले जाएं।

जनसहभागिता से सुरक्षित रहेगा हिमालयी पर्यावरण

सचिव ने कहा कि ‘कैरी मी बैक’ अभियान का उद्देश्य कचरे के उचित निस्तारण को प्रोत्साहित करना और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से केदारनाथ धाम को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखा जा सकता है। साथ ही, उन्होंने सभी से आने वाली पीढ़ियों के लिए हिमालय की प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने में योगदान देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *