युवाओं के संकल्प और नवाचार से साकार होगा विकसित भारत का सपना: भरत सिंह चौधरी

Listen to this article

राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम आयोजित, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं सम्मानित

रुद्रप्रयाग, 13 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के ग्राम्य विकास एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका

मंत्री भरत सिंह चौधरी ने युवाओं के विचारों, सपनों और आकांक्षाओं को जाना। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा, नवाचार, रचनात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युवाओं की सहभागिता, नए विचार और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंत्री ने विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान का आश्वासन

इस अवसर पर छात्र प्रतिनिधियों और महाविद्यालय के प्राचार्य आशुतोष त्रिपाठी ने संस्थान की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री चौधरी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थान युवाओं के भविष्य निर्माण की आधारशिला हैं और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, छात्र संघ अध्यक्ष अर्जुन सिंह, भगवती नौटियाल, पार्वती गोस्वामी, शीला रावत, अमित प्रदाली, धर्मेंद्र कंडवाल सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *