पुलिस दर्पण | नानकमत्ता, उत्तराखंड
ऊधम सिंह नगर । उत्तराखंड पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नानकमत्ता पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20.70 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 20.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे से बचाने और प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
