आदर्श इंटर कॉलेज श्यामपुर में AHTU हरिद्वार बनी “गुरुजी”, 300 छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

Listen to this article

मानव तस्करी, नशा, साइबर अपराध और यातायात नियमों पर दी महत्वपूर्ण जानकारी

पुलिस दर्पण , हरिद्वार

हरिद्वार, 28 सितंबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह (IPS) के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) हरिद्वार ने थाना श्यामपुर क्षेत्र के आदर्श इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 300 छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव तथा यातायात नियमों की जानकारी दी।

यह कार्यक्रम पुलिस उपाधीक्षक रुड़की एवं AHTU की नोडल अधिकारी सुश्री ओशिन जोशी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र रमोला के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान समय के सामाजिक और डिजिटल अपराधों के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम के दौरान कांस्टेबल मुकेश कुमार ने मानव तस्करी के कारण, उसके दुष्परिणाम और उससे बचाव के उपायों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने युवाओं से नशे और ड्रग्स से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कांस्टेबल दीपक चन्द ने साइबर अपराधों पर विस्तृत जानकारी देते हुए फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल लालच से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

AHTU टीम ने छात्र-छात्राओं को 112 आपातकालीन हेल्पलाइन, उत्तराखंड पुलिस ऐप तथा सड़क सुरक्षा नियमों की भी जानकारी दी। यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कॉलेज के प्रधानाचार्य अभिषेक पैन्यूली ने AHTU हरिद्वार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सुरक्षित और जिम्मेदार भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में शिक्षक शहजाद, ऊषा चौहान, हेमलता चौहान, मेहरबान और जितेन्द्र सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। AHTU टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार, महिला कांस्टेबल शशिबाला, महिला कांस्टेबल गीता और कांस्टेबल दीपक चन्द ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *