ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, निर्माणाधीन मकान में चोरी का खुलासा

Listen to this article

शिवालिक नगर से चोरी गया सामान बरामद, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने निर्माणाधीन मकान में हुई चोरी का सफल खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत और दैनिक खर्च पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को प्रदीप कुमार निवासी जे-1 शिवालिक नगर, रानीपुर ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई कि उनके निर्माणाधीन मकान से गीजर, टेबल फैन, पाइप, सरिया के टुकड़े, लोहे के एंगल, कटर मशीन और हथौड़ी सहित अन्य सामान चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के डिजिटल साक्ष्यों का गहन अध्ययन किया और सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया। लगातार जांच और चेकिंग अभियान के दौरान 19 सितंबर 2026 की रात निर्मल आईटीआई से पहले स्थित खाली मैदान से आरोपी शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवकुमार पुत्र फुज्जन, निवासी ग्राम सिकरौड़ा नवादा, थाना मण्डावली, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया गीजर, टेबल फैन, पत्थर कटर मशीन, सिंक पाइप, लोहे के सरिये, एंगल और हथौड़ियां बरामद की हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी, नकबजनी और अवैध शस्त्र के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना रानीपुर और थाना सिडकुल में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने प्रकरण में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामद सामान

  • बजाज कंपनी का एक गीजर कनेक्शन पाइप सहित।
  • रवि कंपनी का एक टेबल फैन।
  • एक पत्थर कटर मशीन।
  • तीन सिंक पाइप टोंटी सहित।
  • चार लोहे के सरिये के टुकड़े।
  • दो लोहे के एंगल।
  • पांच लोहे की हथौड़ियां।

पुलिस टीम

  • प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी
  • अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल
  • हेड कांस्टेबल प्रदीप
  • कांस्टेबल सुमन डोभाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *