एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर गौकशी के पूर्व अभियुक्तों पर कड़ी निगरानी, 45 का सत्यापन और परेड आयोजित

Listen to this article

अपराध नियंत्रण अभियान के तहत भगवानपुर कोतवाली में तैयार किए गए डोजियर, हर माह हाजिरी के निर्देश

हरिद्वार। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में शनिवार को कोतवाली भगवानपुर में विगत पांच वर्षों के दौरान गौकशी एवं गोवंश संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे तथा वर्तमान में जमानत पर रिहा पूर्व अभियुक्तों की परेड और भौतिक सत्यापन कराया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान का उद्देश्य ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखना और भविष्य में गौकशी अथवा गोवंश तस्करी जैसी घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना है।

पुलिस के अनुसार कुल 45 पूर्व अभियुक्तों को कोतवाली परिसर में तलब किया गया। सभी का फिंगर प्रिंट लेकर विस्तृत डोजियर तैयार किया गया, ताकि भविष्य में किसी घटना के दौरान प्राप्त फिंगर प्रिंट से मिलान कर जांच में सहायता मिल सके। इसके साथ ही प्रत्येक व्यक्ति के अलग-अलग एंगल से फोटोग्राफ भी लिए गए, जिससे उनकी पहचान और निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

अभियान के दौरान पुलिस ने सभी पूर्व अभियुक्तों के वर्तमान निवास स्थान का भौतिक सत्यापन किया और उनके पते एवं अन्य उपलब्ध जानकारियों का मिलान किया। साथ ही उनसे उनके वर्तमान व्यवसाय, रोजगार और आजीविका के साधनों की जानकारी भी प्राप्त की गई।

पुलिस ने सभी व्यक्तियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे प्रत्येक माह की 5 तारीख को अनिवार्य रूप से कोतवाली भगवानपुर में उपस्थित होकर अपनी हाजिरी दर्ज कराएंगे। इसके अलावा संबंधित बीट आरक्षियों को इन सभी व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियुक्तों को यह भी चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में वे गौकशी, गोवंश तस्करी या कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि में संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *