कुंभ तैयारियों में खानापूर्ति का आरोप, उत्तरी हरिद्वार की अनदेखी पर भाजपा पार्षद आकाश भाटी ने उठाए सवाल

Listen to this article

पुराने आरटीओ चौक से सप्तऋषि तक जलभराव का स्थायी समाधान और ठोस जल निकासी योजना बनाने की मांग

हरिद्वार, 19 सितम्बर। भाजपा पार्षद आकाश भाटी ने कुंभ मेला प्रशासन पर तैयारियों के नाम पर खानापूर्ति करने तथा उत्तरी हरिद्वार की प्रमुख समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार हरिद्वार कुंभ को भव्य और दिव्य स्वरूप देने की दिशा में काम कर रही है, लेकिन मेला प्रशासन की कार्यप्रणाली इस लक्ष्य के अनुरूप धरातल पर दिखाई नहीं दे रही है।

प्रेस को जारी बयान में सप्तऋषि क्षेत्र के पार्षद आकाश भाटी ने कहा कि कुंभ मेला प्रशासन चुनिंदा क्षेत्रों का निरीक्षण कर औपचारिकता पूरी कर रहा है। वहीं, उत्तरी हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक क्षेत्र की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सप्तसरोवर क्षेत्र संत-महात्माओं की तपस्थली होने के साथ श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र भी है। उत्तरी हरिद्वार में कई प्रसिद्ध आश्रम और धार्मिक संस्थान स्थित हैं।

भाटी ने कहा कि पुराने आरटीओ चौक से सप्तऋषि तक जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कुंभ जैसे विशाल आयोजन की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान को लेकर मेला प्रशासन की गंभीरता अभी तक नजर नहीं आई है। उन्होंने सवाल किया कि केवल बैठकों और फाइलों में निरीक्षण करने से कुंभ सफल नहीं होगा।

उन्होंने अधिकारियों से धरातल पर उतरकर जनता की समस्याएं देखने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान देने को कहा। भाटी ने कहा कि यदि मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण मार्गों पर जलभराव की स्थिति बनी रही तो देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच हरिद्वार की छवि प्रभावित होगी।

पार्षद ने मांग की कि पुराने आरटीओ चौक से सप्तऋषि तक तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और नालों व जल निकासी के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता और संत समाज के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *