गुरुकुल कांगड़ी विवि कर्मचारियों के आंदोलन को राहुल चौधरी ने दिया समर्थन

Listen to this article

कर्मचारियों की मांगों पर वार्ता कर समाधान निकालने की मांग

हरिद्वार, 1 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य राहुल चौधरी ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के आंदोलनरत कर्मचारियों के धरने को समर्थन दिया। धरना स्थल पर पहुंचकर उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और विश्वविद्यालय प्रशासन से उनकी न्यायोचित मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग

राहुल चौधरी ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे कर्मचारियों के प्रति विश्वविद्यालय प्रशासन का रुख सकारात्मक नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी 20, 25 और 30 वर्षों से संस्थान को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उनके और उनके परिवारों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को नियमानुसार नियमित करने तथा वार्ता के माध्यम से गतिरोध समाप्त करने की मांग की। राहुल चौधरी ने बताया कि उन्होंने विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा और कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार से वार्ता कर कर्मचारियों का पक्ष रखा है।

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष सोनू कुमार ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हड़ताल के बावजूद अभी समाधान की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के संगठन महामंत्री नवदीप भारद्वाज ने भी कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि संगठन उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगा। इस अवसर पर अशोक कुमार, दीपन कुमार, जॉनी, सुरेंद्र, पवन, पंकज, ब्रजेश, अनुज, मुकेश, करन, संजय कुमार, आनंद सिंह, सुभाष, राजीव, सुनील, सुरेश, सविता देवी, मनीषा, उषा रानी, शिक्षा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *