जन संवाद में आयुक्त आनंद स्वरूप ने सुनीं जनपदवासियों की समस्याएं

Listen to this article

33 शिकायतें और मांगें दर्ज, 13 का मौके पर हुआ निस्तारण; टीबी मरीज को लिया गोद

रुद्रप्रयाग, 4 अक्टूबर 2026। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने एक दिवसीय रुद्रप्रयाग भ्रमण के दौरान जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन एवं जन संवाद कार्यक्रम में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में सड़क, पेयजल, विद्युत, आवास, मुआवजा सहित कई मुद्दों को लेकर लोगों ने अपनी शिकायतें और मांगें आयुक्त के समक्ष रखीं।

33 शिकायतें दर्ज, 13 का मौके पर समाधान

जन संवाद कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने कुल 33 शिकायतें एवं मांगें दर्ज कराईं। इनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए भेजा गया। दो मांगों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आयुक्त ने संबंधित लोगों को तिरपाल सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के उठे मुद्दे

भगत सिंह चौहान ने दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त जवाड़ी पार्क में सुरक्षात्मक कार्य कराने, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को सुचारू करने और सुमाड़ी-जखोली-मुसाढुंग मोटर मार्ग पर पैचवर्क कराने की मांग की। गढ़तरा नाला की सुनीता देवी ने नाप भूमि को खाता-खतौनी में दर्ज कराने का मामला उठाया।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी ने आदर्श ग्राम देवली भणीग्राम के मुख्य मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

सीएम हेल्पलाइन की भी हुई समीक्षा

आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से फोन पर बातचीत कर मामलों की प्रगति की जानकारी ली। आंशिक रूप से बंद किए गए प्रकरणों को दोबारा रिविजिट कर शिकायतों का पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

टीबी मरीज को लिया गोद

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयुक्त आनंद स्वरूप ने एक टीबी मरीज को गोद लिया। उन्होंने मरीज के उपचार और पोषण संबंधी आवश्यकताओं के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को धनराशि उपलब्ध कराई। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य शिविर भी लगाया, जहां लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *