सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 19 लोगों का चालान
बागेश्वर, संवाददाता। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस का ऑपरेशन प्रहार जारी है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में शुक्रवार को चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में 19 लोगों का भी चालान किया गया। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
बागेश्वर पुलिस बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए भी अभियान चला रही है। ऑपरेशन कालनेमी के तहत दूसरे क्षेत्रों से आकर पहचान छिपाकर या वेश बदलकर रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित करने के उद्देश्य से लगातार जांच की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक स्थानों पर मर्यादित व्यवहार रखने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
