कनखल पुलिस की सख्ती से घबराकर दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग का आरोपी पहुंचा कोतवाली, किया सरेंडर

Listen to this article

एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में महिला एवं बाल अपराधों पर हरिद्वार पुलिस की ज़ीरो टॉलरेंस नीति जारी

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में महिला एवं बाल संबंधी अपराधों के विरुद्ध हरिद्वार पुलिस की ज़ीरो टॉलरेंस नीति लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत कोतवाली कनखल पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और रुपये वसूलने के मामले में वांछित आरोपी को आत्मसमर्पण के बाद हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को पीड़िता की माता ने कोतवाली कनखल में तहरीर देकर बताया कि एक युवक ने उनकी नाबालिग पुत्री को प्रेम जाल में फंसाकर उसका विश्वास जीता। आरोप है कि युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके फोटो व वीडियो बना लिए। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग को लगातार ब्लैकमेल किया जाने लगा।

डर और दबाव के कारण पीड़िता ने आरोपी को करीब एक लाख रुपये भी दिए। इसके बावजूद आरोपी लगातार और पैसों की मांग करता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कनखल में पॉक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़, बरेली और हरिद्वार समेत कई स्थानों पर लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

कनखल पुलिस की लगातार दबिश और सख्त कार्रवाई से घबराकर आरोपी आखिरकार स्वयं कोतवाली कनखल पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला और बाल अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाना हरिद्वार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आरोपी का विवरण

  • गौरव कुमार पुत्र धनपाल
  • मूल निवासी : बफरी बुजुर्ग, थाना शाही, जनपद बरेली
  • वर्तमान निवासी : सगरावाला, जगजीतपुर, थाना कनखल, हरिद्वार

पुलिस टीम

  • उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल
  • महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य
  • कांस्टेबल रणजीत सिंह
  • महिला कांस्टेबल सुष्मिता रावत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *