कांग्रेस ओबीसी विभाग ने राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन, जनगणना में ओबीसी वर्ग के स्पष्ट वर्गीकरण की उठाई मांग

Listen to this article

जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा ज्ञापन, वैज्ञानिक जाति कोड और त्रुटिरहित जनगणना व्यवस्था की मांग

रिपोर्टर : पुलिस दर्पण, हरिद्वार

हरिद्वार, 21 सितम्बर। कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिला अध्यक्ष विकास चंद्रा के संयोजन में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में आगामी जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का स्पष्ट, वैज्ञानिक और एकरूप वर्गीकरण सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।

सामाजिक न्याय के लिए सही जनगणना जरूरी : आलोक शर्मा

इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक और नीतिगत भविष्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जाति जनगणना तभी सामाजिक न्याय का प्रभावी माध्यम बन सकती है, जब प्रत्येक जाति और समुदाय की सही, वैज्ञानिक और प्रमाणिक गणना सुनिश्चित हो। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक समान रूप से पहुंच सकेगा और वंचित समुदायों के हितों की सुरक्षा भी मजबूत होगी।

वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर बने नीतियां

ओबीसी विभाग के जिला अध्यक्ष विकास चंद्रा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी ने कहा कि जातिगत आंकड़े वंचित समुदायों की वास्तविक पहचान और उनके लिए कल्याणकारी नीतियां तैयार करने का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि आंकड़े त्रुटिपूर्ण होंगे तो नीतियां भी प्रभावी नहीं बन पाएंगी। इसलिए जनगणना शुरू होने से पहले ही वैज्ञानिक एवं त्रुटिरहित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, क्योंकि बाद में गलतियों को सुधारना काफी कठिन हो जाता है।

प्रत्येक जाति के लिए अलग वैज्ञानिक कोड की मांग

जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि शासन और प्रशासन को जनगणना प्रारंभ होने से पहले पूरी तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट वैज्ञानिक जाति कोड और स्पष्ट वर्गीकरण निर्धारित किया जाए, ताकि ओबीसी वर्ग सहित सभी समुदायों के सही आंकड़े सामने आएं और विकास योजनाओं में उनकी उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित हो सके।

ज्ञापन सौंपने वालों में संजय सैनी, सुरेंद्र ठाकुर, आशु भारद्वाज, अनिल ठाकुर, उदित विद्याकुल, आशु श्रीवास्तव, सागर बेनीवाल, सन्नी सक्सेना, नंदलाल सिंह, अमित अवस्थी, मनीष पटेल, अक्षय नागपाल, तुषार सक्सेना, सत्यप्रकाश, विकास रौतेला, प्रिंस, राकेश, देवेश वर्मा और गुलशन सहित कांग्रेस ओबीसी विभाग के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *