पथरी पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार

Listen to this article

चोरी की 9 मोटरसाइकिल बरामद, कई थानों में दर्ज मामलों का खुलासा

रिपोर्टर : पुलिस दर्पण, हरिद्वार

हरिद्वार, पथरी 21 सितम्बर। थाना पथरी पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

चोरी की बाइक के साथ दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार बिशनपुर झरड़ा पुरानी कुंडी निवासी राजेंद्र द्वारा मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने लक्सर रोड स्थित रविदास आश्रम के पास से रोबिन पुत्र वरुण सिंह और आदित्य चौहान पुत्र प्रमोद कुमार, निवासी हर्शीवाला थाना लक्सर, को चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने शंखनाद कॉलोनी, लक्सर रोड के पास एक खंडहर में छिपाकर रखी गई आठ अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं।

कई थानों से चोरी हुई थीं बरामद बाइक

बरामद नौ मोटरसाइकिलों में से तीन बाइक थाना पथरी क्षेत्र और एक बाइक थाना कनखल क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिनके संबंध में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस संबंधित थानों से संपर्क कर सत्यापन की कार्रवाई कर रही है, ताकि उनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर वाहन उन्हें सुपुर्द किए जा सकें।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में थाना पथरी प्रभारी एसआई रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में फेरूपुर चौकी प्रभारी एसआई मोहन कठैत, अपर उपनिरीक्षक मुकेश राणा, कांस्टेबल दीपक चौधरी, हेमंत, जयपाल चौहान, अनिल पंवार, सोहन राणा, सुरेश, रविन्द्र बिष्ट, नरेश बहुगुणा और बालकराम शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *