पांच दिवसीय जागतोली-दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन

Listen to this article

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, लोक गायक दर्शन फर्स्वाण के गीतों पर जमकर झूमे दर्शक

रुद्रप्रयाग। जागतोली में आयोजित पांच दिवसीय नंदा अष्टमी जागतोली-दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

नंदा देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना

कार्यक्रम में पहुंचने से पहले कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज दशज्यूला परिसर में स्थापित शहीद सुनीलदत्त काण्डपाल, शहीद वी.पी. पुरोहित, शहीद राइफलमैन पूरण सिंह नेगी और शहीद नायक धीर सिंह की प्रतिमाओं पर पुष्पमालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मेला समिति के अध्यक्ष जयवर्धन काण्डपाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और महोत्सव के आयोजन के लिए सरकार से आर्थिक सहयोग की अपेक्षा रखी।

लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मेला समिति और क्षेत्रीय जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के ध्वजवाहक हैं। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही सामाजिक भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोक संस्कृति को संरक्षण मिलता है तथा स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने का मंच मिलता है।

सड़क और विकास कार्यों की दी जानकारी

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के तहत जनपद में 100 से अधिक सड़कों को स्वीकृति मिली है। सरकार का प्रयास है कि गांवों और तोकों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ा जाए, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी गति मिले।

उन्होंने बताया कि कोठगी में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही यहां कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

मेला समिति को दो लाख की सहायता

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मेला समिति को महोत्सव के आयोजन के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले महिला मंगल दलों को भी सम्मानित किया।

दर्शन फर्स्वाण के गीतों पर झूमे दर्शक

समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध लोक गायक दर्शन फर्स्वाण की प्रस्तुतियां रहीं। उन्होंने मां नंदा के भजनों और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनके गीतों पर दर्शक जमकर झूमे और पूरा मेला परिसर उत्साह एवं उमंग से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर सरकार में दायित्वधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख अगस्त्यमुनि सविता भंडारी, समाजसेवी नीलकंठ भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह, तहसीलदार जगदीश नेगी, मेला सचिव कालिका काण्डपाल, प्रधान संगठन जिला महामंत्री राकेश मोहन बिष्ट, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्तवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मेला समिति पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *