अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग, 28 सितंबर, 2026 । 9वें राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी अगस्त्यमुनि शैली प्रजापति की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी केंद्र स्यूपूरी में ‘आंगन का मिलन’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत चार गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इसके साथ ही व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा 10 किशोरी बालिकाओं को डायरी वितरित की गई।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था में पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, नियमित प्रसव पूर्व जांच कराने तथा संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने के लिए जागरूक किया गया। महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। एनीमिया से बचाव के लिए आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों का नियमित सेवन करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी गुसाईं, सुमन जमलोकी, ग्राम प्रधान बिंदु देवी, दुर्गा करासी, मंडल अध्यक्ष अर्जुन नेगी, महामंत्री दीपक नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गौरव नेगी, मीडिया प्रभारी मानवेंद्र कुमार, क्षेत्रीय सुपरवाइजर रागिनी जोशी व पुष्पा खत्री, ब्लॉक समन्वयक पवन आर्य, भावना रावत (मिशन आरंभ) सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।
