बहादराबाद, हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने शादी के नाम पर लोगों को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाकर ठगी करने के मामले में एक महिला समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी इसी तरह की ठगी किए जाने की आशंका को लेकर जांच की जा रही है।
पुलिस को 24 सितंबर 2026 को ग्राम दौलतपुर निवासी प्रवेश पुरी ने तहरीर देकर बताया कि उनके भाई योगेश पुरी का विवाह एक महिला से हुआ था। आरोप है कि महिला ने पति को विश्वास में लेने के बाद उसे नशीला पदार्थ खिला दिया और मौका पाकर घर से नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में बहादराबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला सहित उसके साथियों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 05 मोबाइल फोन, 70 हजार रुपये नकद और नशीला पाउडर बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज किया गया है।
हिरासत में लिए गए आरोपियों में मिर्जापुर निवासी 21 वर्षीय महिला, अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, शामली निवासी एक महिला, पुनीत कुमार निवासी शामली तथा फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर, राजस्थान शामिल हैं। पुलिस मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
बहादराबाद पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विवाह से पहले संभावित जीवनसाथी और उसके परिवार के बारे में भली-भांति जानकारी और परिचय सत्यापित करें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।
