पोषण माह: महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने किया चांदपुर-3 आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण

Listen to this article

आरोग्या परियोजना के तहत स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं का लिया जायजा, महिलाओं और किशोरियों को किया जागरूक

हरिद्वार, 26 सितम्बर। पोषण माह के तहत ग्राम चांदपुर स्थित चांदपुर-3 आंगनवाड़ी केंद्र में आरोग्या परियोजना के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। एंकर पैनासोनिक सीएसआर के सहयोग और रजत शहरी एवं ग्रामोत्थान संस्थान (आरएसजीएस) के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पहुंचकर आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और परियोजना के तहत संचालित स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का अवलोकन किया।

पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर दिया गया विशेष जोर

कार्यक्रम के दौरान संतुलित आहार, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पोषण संबंधी जानकारी प्राप्त की।

आरोग्या परियोजना से लाखों लोगों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं

मंत्री रेखा आर्या ने परियोजना के माध्यम से संचालित मोबाइल हेल्थ यूनिट, पोषण सेवाओं और समुदाय आधारित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और कुपोषण से लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

परियोजना से अब तक 1.77 लाख से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा चुकी हैं, जबकि 1,700 से अधिक लोगों को मोतियाबिंद एवं दृष्टि संबंधी सेवाओं का लाभ मिल चुका है।

अधिकारी और स्थानीय लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता शर्मा, सुधा त्रिपाठी, सुलेखा सहगल, वर्षा शर्मा, जिला परियोजना अधिकारी अविनाश भदौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, आरएसजीएस की टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *