भगत सिंह चौक पर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके साहस, त्याग और देशप्रेम को किया नमन
पुलिस दर्पण , हरिद्वार
हरिद्वार, 28 सितंबर 2026। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा के भगत सिंह जोन द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महासभा के सदस्यों ने भगत सिंह चौक स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भगत सिंह जोन के अध्यक्ष नागेश वर्मा ने किया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शहीद भगत सिंह का अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और त्याग आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अन्नू कक्कड़ तथा महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. संदीप कपूर ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जीवन देशभक्ति, निडरता और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है।
महासभा के जिलाध्यक्ष प्रवीन कुमार और जिला महामंत्री राम अरोड़ा ने कहा कि शहीद भगत सिंह ने बहुत कम उम्र में अपने प्राणों की आहुति देकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की और युवाओं में देशभक्ति की अलख जगाई। उनका जीवन हर पीढ़ी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
जिला संयोजक रवि ढींगड़ा और देवेंद्र चावला ने कहा कि शहीद भगत सिंह के आदर्शों और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश और समाज की सेवा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश संस्कृति मंत्री राकेश मल्होत्रा, भाजपा नेता अनिल अरोड़ा, शिवम ब्रह्म, हरविंदर सिंह उप्पल, विकास गुलाटी, प्रमोद कुमार, हरिओम मल्होत्रा, नीलू खन्ना सहित उत्तरांचल पंजाबी महासभा के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शहीद भगत सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
