राजनीतिक विरोध के नाम पर परिवार, आस्था और सनातन परंपराओं को निशाना बना रही कांग्रेस : नवीन ठाकुर

Listen to this article

श्राद्ध जैसे पवित्र संस्कार पर टिप्पणी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कांग्रेस पर ओछी राजनीति का आरोप

हरिद्वार, 3 अक्टूबर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध के नाम पर परिवार, धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब दिवंगत परिजनों और सनातन आस्थाओं पर टिप्पणी करने तक पहुंच गई है।

श्राद्ध संस्कार पर टिप्पणी को बताया अस्वीकार्य

नवीन ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के खिलाफ भी पूर्व में अभद्र टिप्पणियां की गईं और अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वर्गीय पिता के श्राद्ध को लेकर टिप्पणी की गई है। उन्होंने कहा कि श्राद्ध पूर्वजों के स्मरण और तर्पण का पवित्र संस्कार है। ऐसे धार्मिक संस्कार पर राजनीतिक टिप्पणी करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस की कथनी और करनी पर उठाए सवाल

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सार्वजनिक मंचों से मोहब्बत की राजनीति की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर भाजपा नेताओं और उनके परिवारों को लेकर अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

सेना और वीर सपूतों के सम्मान का मुद्दा उठाया

नवीन ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं पर सेना के अपमान का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक नेता द्वारा तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के प्रति भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा कि देवभूमि के वीर सपूतों के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी गंभीर विषय है।

उन्होंने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए गलत बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विकास तिवारी, धर्मेंद्र चौहान, डॉ. विशाल गर्ग, विनीत जोली, राहुल चौहान और तरुण नैय्यर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *