उत्तराखंड में मजबूत हो रही समाजवादी पार्टी : सत्येंद्र कुमार राय

Listen to this article

विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी तैयार, सदस्यता अभियान में बड़ी संख्या में जुड़ रहे लोग

हरिद्वार, 22 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय के हरिद्वार पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। ललतारौ पुल स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए सत्येंद्र कुमार राय ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी पूरी तरह तैयार है। पार्टी उत्तर प्रदेश मॉडल को आधार बनाकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और प्रदेश में चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।

राय ने देश के मौजूदा हालात पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को शिक्षा और रोजगार के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में आपातकाल जैसे हालात बन रहे हैं और लोग अपने मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने मामले में कथित वीआईपी का नाम सामने लाने की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता के परिवार की शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जबकि भाजपा से जुड़े व्यक्ति की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और संबंधित तथ्यों को सार्वजनिक करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी ने कहा कि केंद्र और विभिन्न राज्यों की भाजपा सरकारों की नीतियों से जनता परेशान है और बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल दल सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष कर रहे हैं।

इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र पाराशर, मशकूर कुरैशी, लवदत्ता सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *