विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस की निरोधात्मक कार्रवाई, गुंडा एक्ट के तहत भेजी गई थी रिपोर्ट
हरिद्वार, 26 अक्टूबर। श्रमिक नेता पंकज बवाड़ी को सिडकुल कोतवाली पुलिस ने चार माह के लिए जिलाबदर कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत एसएसपी नवनीत भुल्लर के निर्देश पर जिले में निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में सिडकुल कोतवाली पुलिस ने पंकज बवाड़ी के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत रिपोर्ट प्रेषित की थी। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) ने उन्हें चार माह के लिए जिलाबदर करने का आदेश जारी किया।
पुलिस ने जिलाबदर की कार्रवाई करते हुए पंकज बवाड़ी को आदेश का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है। साथ ही निर्धारित अवधि के दौरान जिले में प्रवेश नहीं करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, निरोधात्मक कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
