डॉ. मंगल सेन हरियाणा की राजनीति के प्रमुख स्तंभ थे: अजय मित्तल

Listen to this article

भाजपा मुख्यालय पंचकमल में मनाई गई डॉ. मंगल सेन की जयंती, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि

पंचकूला, 26 अक्टूबर। भाजपा मुख्यालय पंचकमल में डॉ. मंगल सेन की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री भवनजीत सिंह सूदन, अशोक शेरवाल, जिला मीडिया प्रभारी के. चंदन, राम भजन सिंगला, रविंदर सिंह, मनजीत गोस्वामी, नीरज कुमार सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि डॉ. मंगल सेन हरियाणा की राजनीति के प्रमुख स्तंभों में से एक थे। वे न केवल राष्ट्रभक्ति के अनन्य उपासक थे, बल्कि समाजसेवा और जनकल्याण के प्रति भी उनका समर्पण अनुकरणीय था।

उन्होंने कहा कि डॉ. सेन ने शिक्षा के प्रसार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण पहल कीं। उन्होंने दहेज प्रथा, बाल विवाह और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी अभियान चलाए। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के लिए किए गए उनके प्रयासों ने समाज पर सकारात्मक प्रभाव डाला।

अजय मित्तल ने कहा कि डॉ. मंगल सेन का जीवन सादगी, कठोर परिश्रम, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक कल्याण के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज तथा राजनीतिक क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि डॉ. सेन का जीवन इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और समाज के प्रति समर्पण से असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

डॉ. मंगल सेन हरियाणा में भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख संस्थापक नेताओं एवं आधारस्तंभों में शामिल थे। उन्होंने रोहतक विधानसभा क्षेत्र का लगातार सात बार प्रतिनिधित्व किया और हरियाणा के उपमुख्यमंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।

27 अक्टूबर 1927 को जन्मे डॉ. मंगल सेन का निधन 2 दिसंबर 1990 को हुआ था। उनका राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान आज भी स्मरण किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *