संवाददाता : पुलिस दर्पण, हरिद्वार
हरिद्वार, 24 सितम्बर। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के बीच श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल की धर्मध्वजा को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की गई है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान निर्मल अखाड़े के संत-महंत पटियाला से धर्मध्वजा लेकर हरिद्वार आएंगे और अखाड़े की छावनी में विधिवत स्थापना करेंगे।
पटियाला स्थित श्री पंचायती निर्मल अखाड़ा गुरुद्वारे में आयोजित धर्मध्वजा स्थापना दिवस कार्यक्रम से लौटने के बाद श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने बताया कि संत सम्मेलन में श्रीमहंत रेशम सिंह ने धर्मध्वजा की ऐतिहासिक परंपरा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त 1862 को पहली बार श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल डेरा, पटियाला में अखाड़े की धर्मध्वजा स्थापित की गई थी। उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए आगामी कुंभ में धर्मध्वजा हरिद्वार लाई जाएगी।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि सभी तेरह अखाड़ों के संत-महंत कुंभ मेले की तैयारियों में एकजुट हैं। सभी अखाड़ों के सहयोग और समर्थन से हरिद्वार, नासिक और उज्जैन में आयोजित होने वाले कुंभ मेलों को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत समाज का उद्देश्य कुंभ मेले की धार्मिक गरिमा और परंपराओं को पूरी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ाना है।
पटियाला में आयोजित कार्यक्रम में हरिद्वार से महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति, स्वामी ललितानंद गिरी, स्वामी अनंतानंद गिरी, सत्यश्रेयानंद गिरी, स्वामी प्रबोधानंद गिरी, मोहनानंद गिरी, महंत प्रज्ञान मुनि, महंत मोहन सिंह, संत जगजीत सिंह सहित अनेक संत-महंत शामिल हुए। इसके अलावा श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के श्रीमहंत भगवान दास, सचिव महंत गणेश दास, महंत बेअंत सिंह समेत बड़ी संख्या में संतों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के श्रीमहंत रेशम सिंह, महंत जगतार सिंह, महंत जगजीत सिंह, बाबा कश्मीरा सिंह, महंत हाकम सिंह, महंत मोहन सिंह, महंत निर्मल सिंह, महंत अमरीक सिंह, बाबा प्रेम सिंह, महंत कमलजीत सिंह, महंत कश्मीर सिंह और महंत चमकौर सिंह ने सभी संत-महंतों का स्वागत एवं सम्मान किया।
