जेसीएम की बैठक ऑफलाइन कराने की मांग, समस्याओं का समाधान नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
हरिद्वार, 25 अक्टूबर। बोनस समेत कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर हैवी इलेक्ट्रिकल वर्कर्स ट्रेड यूनियन (HEWTU) सोमवार को शाम चार बजे सीएफएफपी गेट पर भेल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। रविवार को यूनियन अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रामयश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बोनस घोषित नहीं होने पर जताई नाराजगी
यूनियन अध्यक्ष रामयश सिंह ने कहा कि कई कंपनियां दीपावली बोनस की घोषणा कर चुकी हैं, लेकिन भेल कर्मचारियों के बोनस को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने 27 अक्टूबर को प्रस्तावित ज्वाइंट कमेटी (जेसीएम) की बैठक ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर यूनियन व्यापक आंदोलन करेगी।
भर्ती और कर्मचारियों के आश्रितों को लेकर मांगें
महामंत्री विकास सिंह ने आर्टिजन भर्ती में मृतक आश्रितों के बच्चों का आरक्षण 15 से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने तथा कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों के लिए अलग आरक्षण की मांग उठाई। उन्होंने कोरोना काल में दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता जारी रखने की भी मांग की।
कार्यवाहक अध्यक्ष रवि कश्यप ने अवकाश और रविवार को काम करने वाले कर्मचारियों को ओवरटाइम भुगतान देने पर जोर दिया।
चिकित्सा और मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग
कार्यवाहक अध्यक्ष सुभाष पुरोहित ने कैंटीन व्यवस्था में सुधार, अस्पताल में डॉक्टरों की भर्ती, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और लंबित लैपटॉप वितरण जल्द शुरू करने की मांग की।
भेल श्रमिक यूनियन के महामंत्री सचिन चौहान ने इंसेंटिव व्यवस्था में सुधार, उपनगरीय क्षेत्र के रखरखाव, सड़कों की मरम्मत और जलापूर्ति दुरुस्त करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी रखने की मांग भी की, ताकि कर्मचारियों के बच्चों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
बैठक में पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में निफ्टू के विस्तार पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मार्कंडेय सिंह, संदीप सिंघानिया, राकेश मालवीय, चंद्रमोहन बघेल, सुमित गर्ग, सुनील कुमार, नवीन गिरी सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
