शिवालिक नगर चौक पर कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल
हरिद्वार, 8 अक्टूबर। जिला कांग्रेस कमेटी के शिवालिक नगर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा के संयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शिवालिक नगर चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर एसआईआर प्रक्रिया, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में पुतला फूंका।
सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप
पूर्व राज्य मंत्री डॉ. संजय पालीवाल और राजवीर सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान का पालन नहीं कर रही है और जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता चुनाव में भाजपा को जवाब देगी।
ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा और रवीश भाटिजा ने कहा कि राहुल गांधी जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनके और आंदोलनरत छात्रों के खिलाफ कार्रवाई कर आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की।
एसआईआर प्रक्रिया पर जताई नाराजगी
जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह और तेलूराम प्रधान ने एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा और यशवंत सैनी ने प्रदर्शन को लोकतंत्र से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
प्रदर्शन में राव आफाक अली, राकेश चौहान, विनोद कुमार, विकास चंद्रा, अनिल चौधरी, अमन गर्ग, लता जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
