महामंडलेश्वर श्री रविन्द्रानन्द जी महाराज ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
हरिद्वार, 18 सितम्बर, 2026 : योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026–27 के अंतर्गत राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर, महामृत्युंजय आश्रम कांगड़ी, श्री रविन्द्रानन्द जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
खेल अनुशासन और आत्मविश्वास का सशक्त माध्यम
महामंडलेश्वर श्री रविन्द्रानन्द जी महाराज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा अपने जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-19 तथा अंडर-25 आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अंडर-14 बालिका वर्ग के 46 किलोग्राम भार वर्ग में ऊधमसिंह नगर की शोमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इंशिका द्वितीय तथा सोनम तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, अंडर-14 बालिका वर्ग के 39 किलोग्राम भार वर्ग में हरिद्वार की दिव्याशी ने प्रथम तथा ऊधमसिंह नगर की रन्ना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिल रहा राज्य स्तरीय मंच
जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चन्द्र पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा उभरते हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
अधिकारी एवं खेल विशेषज्ञ रहे उपस्थित
उद्घाटन समारोह में जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चन्द्र पाण्डेय, जिला क्रीड़ाधिकारी रविन्द्र भण्डारी, प्रभारी सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी मुकेश कुमार भट्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी ऋषिकेश, प्रशासनिक अधिकारी पूनम मिश्रा, जितेन्द्र पण्डीर तथा सहायक प्रशिक्षक अनुराग राठी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त युवा कल्याण विभाग एवं खेल विभाग के अधिकारी, खेल समन्वयक, शिक्षा विभाग के खेल शिक्षक, निर्णायक मंडल एवं प्रशिक्षक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
