श्यामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आज ( शनिवार ) से शुरू होगी ओपीडी सेवा

Listen to this article

स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे एवं स्वामी यतीश्वरानंद ने किया नव निर्मित केंद्र का शुभारंभ

भविष्य में केंद्र को ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में होगा कार्य

हरिद्वार, 18 सितम्बर, 2026 :श्यामपुर स्थित नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। इस अवसर पर बताया गया कि केंद्र में शनिवार से ओपीडी सेवाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी। इससे श्यामपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के निर्देश

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर, नियमित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र के सुचारु संचालन से क्षेत्रवासियों को उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि भविष्य में इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे दुर्घटना अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि वर्ष 2022 में उनके कार्यकाल के दौरान इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को स्वीकृति मिली थी। उन्होंने कहा कि केंद्र के शुरू होने से श्यामपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर प्राथमिक उपचार और परामर्श मिल सकेगा।

अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. महिमानंद जोशी तथा अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्वास्थ्य सचिव को केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान योगेश चौहान, श्यामपुर; सुनील पाल, सजनपुर पीली; देवेंद्र नेगी, गाजीवाली; मंडल महामंत्री सुनील पाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *