नन्दा अष्टमी पर जागतोली दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग आगाज

Listen to this article

पांच दिवसीय महोत्सव में लोक संस्कृति के रंगों से सजा जागतोली

विद्यालयों एवं महिला मंगल दलों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

रुद्रप्रयाग 19 सितंबर, 2026 :

ऊखीमठ। नन्दा अष्टमी के पावन अवसर पर जागतोली के विशाल क्रीड़ा मैदान में पांच दिवसीय जागतोली दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्थानीय कलाकारों तथा महिला मंगल दलों ने लोकगीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।

रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति से क्रीड़ा मैदान लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हो गया।

विधायक आशा नौटियाल ने किया शुभारंभ

महोत्सव के शुभारंभ समारोह में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। राज्यमंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट अति विशिष्ट अतिथि तथा भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर पांच दिवसीय महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे महोत्सव स्थानीय लोक संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक एकजुटता को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि नन्दा अष्टमी जैसे पावन पर्व पर आयोजित जागतोली दशज्यूला महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संजोने तथा उसे व्यापक मंच प्रदान करने की दिशा में सराहनीय पहल है।

लोक संस्कृति एवं परंपराओं को मिल रहा मंच

राज्यमंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि दशज्यूला की पावन धरती महान विभूतियों की जन्म एवं कर्मस्थली रही है। महोत्सव अध्यक्ष जयवर्धन काण्डपाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि महासचिव कालिका काण्डपाल ने दशज्यूला क्षेत्र की धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं पौराणिक परंपराओं पर विस्तृत प्रकाश डाला।

महोत्सव की अध्यक्षता प्रधानाचार्य गांधीयन ने की। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र काण्डपाल, वीरेन्द्र बर्त्वाल एवं नमिता काण्डपाल ने संयुक्त रूप से किया।

विभागीय स्टालों पर योजनाओं की जानकारी

महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए हैं, जहां ग्रामीणों एवं काश्तकारों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

पांच दिवसीय दशज्यूला महोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। महोत्सव के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। साथ ही क्षेत्र की पारंपरिक लोक संस्कृति, रीति-रिवाज एवं सामाजिक सरोकार भी मंच पर जीवंत हो रहे हैं।

इस अवसर पर दर्शन सिंह जग्गी, अर्जुन सिंह नेगी, दीपक नेगी, सुभाष रावत, किरण शुक्ला, मनोज राणा, बृजमोहन नेगी, महेन्द्र नेगी, बुद्धि बल्लभ थपलियाल, विजयपाल कठैत, चंदा रावत, देवेन्द्र भट्ट, सुमन पंवार, कुसुम राणा, हेमा देवी, मानवेन्द्र कुमार, सुदर्शन राणा, सतवीर जग्गी, सम्पत्ति देवी, हीरा सिंह नेगी सहित महोत्सव पदाधिकारी, सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *