बीडीएस और डॉग स्क्वॉड ने उपकरणों एवं स्वान के साथ चलाया सघन जांच अभियान
हरिद्वार। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरिद्वार पुलिस ने हर की पौड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं को पुख्ता किया। पुलिस की बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड टीम उपकरणों एवं प्रशिक्षित स्वान के साथ हर की पौड़ी पहुंची और क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया।
टीमों ने घाटों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा आसपास के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की। इस दौरान श्रद्धालुओं से भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि धार्मिक नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। हर की पौड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल और विशेष टीमों की तैनाती की जा रही है।
