ग्राम पंचायत शेरसी में आयोजित जनसुनवाई में मोबाइल नेटवर्क, भूस्खलन, बिजली, पेयजल, आवास और सोलर लाइट समेत विभिन्न समस्याएं उठीं
पुलिस दर्पण, रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग, 26 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में शनिवार को विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत शेरसी में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने की। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति की शपथ के साथ हुई। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
मोबाइल नेटवर्क और भूस्खलन बनी प्रमुख समस्या
जनसुनवाई में ग्रामीणों ने सबसे पहले क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि शेरसी श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन यहां मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति से स्थानीय लोगों और यात्रियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विभिन्न मोबाइल सेवा प्रदाताओं की नेटवर्क सुविधा बेहतर करने की मांग की।
ग्रामीणों ने अतिवृष्टि के कारण बरसाती नालों में बढ़े जलप्रवाह से हो रहे भूस्खलन और भू-कटाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ग्रामीण सौरभ सिंह रावत ने बताया कि उनके घर के पास स्थित गधेरे में भारी मात्रा में मलबा आने से पानी का बहाव बदल गया है, जिससे खेतों की सुरक्षा दीवार टूट रही है और कृषि भूमि का कटाव हो रहा है। साथ ही मकान की नींव के पास से पानी बहने के कारण भवन को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल भू-संरक्षण और सुरक्षा कार्य कराने की मांग की।
बिजली, पेयजल और सोलर लाइट की भी उठी मांग
ग्रामीणों ने बार-बार ट्रांसफार्मर का फेस उड़ने से बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति, पेयजल समस्या, आवास योजना, ग्राम पंचायत भवन की मरम्मत तथा गांव में सोलर लाइट लगाने की मांग भी रखी। कार्यक्रम में कुल 13 समस्याएं एवं मांगें दर्ज की गईं।
समस्याओं के शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं को संबंधित विभागों तक भेजकर उनके समाधान की कार्रवाई शीघ्र कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ गांवों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करना और विभागीय समन्वय के माध्यम से जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना है। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
इस अवसर पर ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रसाद, कनिष्ठ सहायक सूचना विभाग अरुण भरतरी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कुदरत राणा, वीपीओ पशुपालन विभाग खुशीराम, पशुपालन विभाग के डॉ. प्रमोद, ग्रामीण रोजगार सहायक आशुतोष कुर्मांचली, ग्रामीण सौरभ रावत, अक्षय नौटियाल, कुसुम देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
