REAP परियोजना के तहत स्थापित कलेक्शन सेंटर से स्थानीय उत्पादों के संग्रहण, ग्रेडिंग, सॉर्टिंग एवं विपणन को मिलेगा बढ़ावा
रुद्रप्रयाग । उत्तराखंड सरकार में ग्राम्य विकास एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री मा० श्री भरत सिंह चौधरी ने शनिवार को विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग में IFAD वित्त पोषित रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट (REAP) के अंतर्गत जय रुद्रनाथ सीएलएफ कलेक्शन सेंटर एवं कार्यालय का उद्घाटन किया।
कलेक्शन सेंटर का उद्देश्य क्षेत्र में उत्पादित स्थानीय कृषि एवं ग्रामीण उत्पादों के संग्रहण, ग्रेडिंग, सॉर्टिंग एवं विपणन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इससे स्थानीय उत्पादकों एवं ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उनकी आय में वृद्धि के अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ना तथा ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। REAP परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला समूहों, स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कलेक्शन सेंटर के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उत्पादों को एकत्रित कर उनकी गुणवत्ता के अनुसार ग्रेडिंग एवं सॉर्टिंग की जाएगी तथा व्यवस्थित रूप से बाजार तक पहुंचाया जाएगा। इससे उत्पादकों को बेहतर विपणन सुविधा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
जय रुद्रनाथ सीएलएफ कलेक्शन सेंटर के माध्यम से क्षेत्र के ग्रामीण उत्पादों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने, मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
