हरीश रावत ने निकाली धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा

Listen to this article

हरीश रावत ने निकाली धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा

हरिद्वार, 1 अक्टूबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने बृहस्पतिवार को हरिद्वार में धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

सिंहद्वार से शुरू हुई यात्रा हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र और लक्सर होते हुए खानपुर चौक पर संपन्न हुई। इस दौरान हरीश रावत ने स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जनता से जुड़ना और देश-प्रदेश में बदलाव का संदेश देना है। रावत ने दावा किया कि यात्रा के दौरान उन्हें लोगों का समर्थन और सहयोग मिल रहा है।

ईडी की कार्रवाई को लेकर रावत ने कहा कि जब तक वह भाजपा का विरोध करते रहेंगे, तब तक इस तरह की जांच और छापेमारी होती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनका जीवन खुली किताब है और जांच एजेंसियां उनकी या उनके रिश्तेदारों की जांच करना चाहें तो कर सकती हैं।

खानपुर से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर रावत ने कहा कि वह पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी और संगठन जहां से चुनाव लड़ने का निर्णय करेंगे, वह वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले रावत की इस यात्रा को हरिद्वार ग्रामीण, लक्सर और खानपुर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनता से संवाद बढ़ाने की राजनीतिक गतिविधि के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *