सीसीटीवी में कैद हुई घटना, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
उधमसिंह नगर, 20 सितम्बर। बाजपुर क्षेत्र के बद्रीपुर गांव में गुलदार के घर के आंगन में घुसने की घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। बताया गया कि गुलदार ने एक घर के आंगन में पहुंचकर पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना के बाद गांव के लोगों में चिंता बढ़ गई है। आबादी वाले क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही से ग्रामीणों ने बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम और रात के समय घरों के बाहर निकलने में डर महसूस हो रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए लोगों से अपील की जा रही है कि वे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें, पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।
