रिपोर्टर : पुलिस दर्पण, उत्तरकाशी
चिन्यालीसौड़। नगर पालिका चिन्यालीसौड़ के वार्ड संख्या-7 बड़ेथी के सभासद मनवीर वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार से नगर पालिका परिसर में भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
सभासद ने जिलाधिकारी और तहसीलदार को पत्र भेजकर वार्ड में लंबे समय से बनी पथ प्रकाश, सफाई और झाड़ी कटान की समस्याओं के समाधान के साथ नगर पालिका प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
मनवीर का कहना है कि कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने और झाड़ियां बढ़ने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जंगली जानवरों और गुलदार की आवाजाही की आशंका के कारण यह समस्या सुरक्षा से भी जुड़ी हुई है।
उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को लेकर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं और बोर्ड बैठकों में भी प्रस्ताव रखा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में उन्होंने भूख हड़ताल का निर्णय लिया है।
