संवाददाता : पुलिस दर्पण, हरिद्वार
हरिद्वार, 24 सितम्बर। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर श्यामपुर कांगड़ी स्थित शिवालय निकेतन धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं विश्व शांति यज्ञ का आयोजन किया गया। स्वामी नागेंद्र महाराज के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लेकर विश्व कल्याण और मानवता की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति मानवता, अध्यात्म और विश्व बंधुत्व का संदेश देने वाली प्राचीन और समृद्ध परंपरा है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा के महापुरुषों ने सदैव संसार को सत्य, करुणा और कल्याण का मार्ग दिखाया है तथा सभी लोगों को सद्गुरु के सानिध्य में धर्म और अध्यात्म का अनुसरण करते हुए समाज और मानव कल्याण में योगदान देना चाहिए।
स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की वैश्विक पहचान का महापर्व होगा। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान गंगा तटों पर लाखों श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं का समागम होगा, जहां से भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का संदेश पूरे विश्व तक पहुंचेगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि कुंभ मेले में गंगा स्नान के साथ संतों के दर्शन और उनके आध्यात्मिक मार्गदर्शन का लाभ अवश्य उठाएं। उनके अनुसार संतों का सानिध्य जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम बनता है।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि और समाज में सुख-शांति की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी राजीव रंजन राय, विमल श्रीवास्तव, विशाल वर्मा, डॉ. गगन, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता मनोज गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसाद ग्रहण कर अनंत चतुर्दशी पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।
