मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
पुलिस दर्पण , रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग, 28 सितंबर 2026। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार सोमवार को जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों और आमजन ने अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जन संवाद कार्यक्रम में कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान किया जाए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 103 तथा एल-2 स्तर पर 14 शिकायतें लंबित पाई गईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कर पोर्टल पर अद्यतन जानकारी दर्ज करें। साथ ही शिकायतकर्ताओं को दूरभाष के माध्यम से की गई कार्रवाई और निस्तारण की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
जन संवाद कार्यक्रम में चौरिया क्षेत्र के ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज चौरिया के पास निर्माणाधीन पुस्ते पर सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग रखी। वहीं ग्राम पोखरी निवासी राजन कुमार ने रतूड़ा से गथवाड़ू एवं माली तोक तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग की। इसके अलावा ग्रामीणों ने गौशाला निर्माण, मुआवजा, सड़क, पेयजल और अन्य विकास संबंधी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष उठाईं।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जन संवाद कार्यक्रम और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए तय समय में उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी संदीप भट्ट, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, सहायक अभियंता एनएच प्रेरणा जगूड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
