पुलिस दर्पण ब्यूरो, रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जखोली विकासखंड के भरदार क्षेत्र स्थित ग्राम सतनी में एक साथ कई ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। शिविर में 60 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही 13 ग्रामीणों के रक्त नमूने तथा गांव के पेयजल स्रोत से पानी का नमूना जांच के लिए लिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि ग्राम सतनी में लगातार बुखार के मामलों की जानकारी मिलते ही जिला स्तर से चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम गांव भेजी गई। जांच के दौरान अधिकांश ग्रामीण हल्के बुखार, खांसी और सामान्य वायरल संक्रमण जैसे लक्षणों से प्रभावित पाए गए। सभी मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
सीएमओ ने बताया कि किसी भी संभावित संक्रामक या जलजनित बीमारी की पुष्टि के लिए 13 ग्रामीणों के रक्त के नमूने लिए गए हैं। इसके अलावा गांव के पेयजल स्रोत से पानी का नमूना भी प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है, ताकि बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जखोली को गांव के सभी प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इधर, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शाकिब के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने गांव के 116 घरों का सर्वेक्षण किया। लगभग 447 की आबादी को कवर करते हुए टीम ने डेंगू और अन्य जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए लार्वा निरोधात्मक अभियान चलाया। सर्वे के दौरान दो पानी के कंटेनरों में लार्वा पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, पानी को ढककर रखने तथा डेंगू और जलजनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक भी किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. भुवन, माइक्रोबायोलॉजिस्ट मोहित, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुमित, एएनएम शांति और आशा कार्यकर्ता मदनी देवी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। प्रशासन ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।
