रुद्रप्रयाग, 15 सितंबर 2026। श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने मंगलवार को जिला आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्ग, विभिन्न हेलीपैडों और श्री केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारियों से यात्रा की वर्तमान स्थिति, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, मौसम की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की समस्या या असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर संबंधित विभागों को तत्काल सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ावों, विभिन्न हेलीपैडों तथा श्री केदारनाथ धाम में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों का लाइव प्रसारण जिला आपदा कंट्रोल रूम में लगातार देखा जा रहा है, जिससे पूरे यात्रा क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी संभव हो रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात हैं। इसके अलावा यात्रा मार्ग और धाम में एसओएस (SOS) प्रणाली भी स्थापित की गई है, जिसके माध्यम से किसी भी आपात स्थिति में मौके पर मौजूद अधिकारियों से तुरंत संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, सूचना या सहायता की आवश्यकता होने पर जिला आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करें। कंट्रोल रूम में प्राप्त प्रत्येक सूचना को संबंधित विभाग तक तत्काल पहुंचाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि आधुनिक निगरानी और संचार प्रणालियों के सहयोग से केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
