आरएसएस की चाणक्य शाखा ने आयोजित किया परिवार मिलन समारोह

Listen to this article

राष्ट्रभाव, भारतीय संस्कृति और संस्कारों पर आधारित प्रस्तुतियों ने मोहा मन

हरिद्वार, 30 सितंबर। आर्यनगर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की चाणक्य शाखा के स्वयंसेवकों की ओर से ज्वालापुर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में परिवार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, मातृशक्ति, बच्चों और परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रेरणादायी प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में अतिथियों और परिवारजनों का स्वयंसेवकों ने पटका पहनाकर तथा तिलक लगाकर स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति, त्याग और संस्कारों पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं। स्वयंसेवकों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जबकि वीरांगना पन्नाधाय के त्याग और बलिदान पर आधारित लघु नाटिका भी मंचित की गई।

पन्नाधाय की भूमिका में रेनू ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से मातृत्व, त्याग और राष्ट्रधर्म की भावना को प्रस्तुत किया। पूर्व जिला संघचालक रोहिताश कुंवर चौहान की प्रस्तुति ने भी उपस्थित लोगों को भावविभोर किया।

परिवार को बताया संस्कारों की पहली पाठशाला

जिला संघचालक डा. नागयान ने कहा कि परिवार संस्कारों की प्रथम पाठशाला है। परिवारों में आपसी संवाद, आत्मीयता और भारतीय परंपराओं को मजबूत करने की आवश्यकता है। विभाग प्रचारक राकेश ने राष्ट्रभाव, सामाजिक समरसता और परिवार की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन अभियान के महत्व को बताते हुए कहा कि संस्कारित और सुदृढ़ परिवार ही सशक्त समाज एवं राष्ट्र की आधारशिला है।

अतिथियों ने जताया आभार

मुख्य अतिथि समाजसेवी सतीश त्यागी ने संघ के कार्यों की सराहना करते हुए परिवार और समाज में संस्कारों के प्रसार को समय की आवश्यकता बताया। नगर संघचालक अधिवक्ता ज्ञानेश्वर ठकराल ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों और परिवारजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुनेश चौहान, तनुज, उमेश मिश्रा, डा. अनुराग, अमरेश, राजेंद्र रुहेला, ब्रह्मपाल, देवी प्रसाद, धनवीर, वेदपाल सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं परिवारजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *