प्रेस क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने व्यक्त की संवेदनाएं
हरिद्वार, 1 अक्टूबर। जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड की हरिद्वार इकाई के तत्वावधान में गुरुवार को प्रेस क्लब में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण झा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान को याद किया गया। उपस्थित पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सरल और मिलनसार व्यक्तित्व को किया याद
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रवीण झा अपने सरल, सहज और मिलनसार व्यवहार के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
जिला सूचना अधिकारी रत्ती लाल साह ने कहा कि प्रवीण झा ने अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने सहयोगियों के साथ हमेशा आत्मीय संबंध बनाए रखे और अपने व्यवहार से सभी के बीच अलग पहचान बनाई।
पत्रकारिता जगत में शोक
जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड के जिलाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि प्रवीण झा के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में यूनियन दिवंगत पत्रकार के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करें।
बड़ी संख्या में पत्रकार रहे मौजूद
श्रद्धांजलि सभा में यूनियन के महासचिव नवीन चौहान, प्रेस क्लब महासचिव सूर्यकांत बेलवाल, वरिष्ठ पत्रकार बिजेंद्र हर्ष, श्रवण कुमार झा, दीपक नौटियाल, बालकिशन शास्त्री, राहुल वर्मा, मुदित अग्रवाल, विकास चौहान, रुपेश वालिया, आशीष मिश्रा, राजकुमार पाल, कमल मिश्रा, गणेश वैद और विकास कुमार सहित अन्य पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रवीण झा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
