नाबालिग को बाइक देना पड़ा भारी, अल्मोड़ा पुलिस ने वाहन किया सीज

Listen to this article

हेलमेट के बिना वाहन चलाते पकड़ा, अभिभावकों को बुलाकर की काउंसलिंग

अल्मोड़ा, 5 अक्टूबर। सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर अल्मोड़ा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक नाबालिग को बाइक/स्कूटर चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार नाबालिग वाहन बिना हेलमेट के चला रहा था। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।

वाहन स्वामी पर 25 हजार रुपये का कोर्ट चालान

चेकिंग के दौरान पुलिस ने नाबालिग के पास से मिले वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। मामले में वाहन स्वामी के विरुद्ध 25,000 रुपये का कोर्ट चालान किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए देना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे उनकी और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

अभिभावकों को बुलाकर समझाया

पुलिस ने नाबालिग के अभिभावकों को बुलाकर काउंसलिंग की। उन्हें समझाया गया कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन न दें और वाहन चलाते समय हेलमेट के अनिवार्य इस्तेमाल को लेकर जागरूक करें।

पुलिस की अपील

अल्मोड़ा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को बाइक या स्कूटर न दें। साथ ही प्रत्येक वाहन चालक हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाए। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन दुर्घटनाओं को रोकने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *