नशे के लिए चोरी की फिराक में थे चार युवक, पुलिस ने दबोचा

Listen to this article

बीएचईएल स्टेडियम के पास झाड़ियों में छिपे मिले आरोपी, चोरी के औजार बरामद

हरिद्वार, 3 अक्टूबर। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने चोरी की योजना बना रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे की छैनी, सरिए का टुकड़ा, प्लास, पेचकश सहित चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से बीएचईएल एवं टिहरी विस्थापित कॉलोनी में चोरी की योजना बना रहे थे।

बीएचईएल स्टेडियम के पास झाड़ियों से पकड़े गए

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात गश्त के दौरान टीम को बीएचईएल स्टेडियम के पास झाड़ियों में चार संदिग्ध व्यक्तियों के मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चारों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद हुए।

पूछताछ में सामने आया चोरी की योजना का खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान उज्जैर पुत्र खलील निवासी मदीना मस्जिद, हज्जन का कुंआ, ज्वालापुर, लक्की पुत्र अनिल निवासी ग्राम टटीरी, बागपत उत्तर प्रदेश, नितिन पुत्र जगराम तथा आकाश पुत्र दौलत राम निवासी ग्राम अन्नेकी, हरिद्वार के रूप में हुई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से चोरी की योजना बना रहे थे।

मुकदमा दर्ज कर भेजे जेल

रानीपुर कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी, अपर उपनिरीक्षक मोहन सिंह रावत, हेड कांस्टेबल जितेंद्र चौधरी, कांस्टेबल सर्वजीत सिंह, अमित राणा, बीरेंद्र जोशी और विवेक गुसाईं शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *