नगर निगम ने मायापुर हेड रेगुलेटर पर चलाया विशेष सफाई अभियान

Listen to this article

60 सफाई कर्मचारियों ने जुटाया करीब 8 टन कूड़ा-कचरा, निस्तारण के लिए प्लांट भेजा

हरिद्वार, 22 अक्टूबर। गंगा बंदी के दौरान गंगा और उसके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डाम कोठी के निकट स्थित मायापुर हेड रेगुलेटर पर वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाकर करीब 8 टन कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया। एकत्रित कचरे को निस्तारण के लिए नगर निगम के प्लांट भेजा गया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर संचालित अभियान में नगर निगम के लगभग 60 सफाई कर्मचारी शामिल हुए। अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार, पर्यावरण पर्यवेक्षक सलेख चंद, नीरज, बलराम, दीपक, प्रदीप और विक्रांत सहित अन्य कर्मचारियों ने योगदान दिया।

नगर निगम द्वारा गंगा बंदी की अवधि का उपयोग गंगा की स्वच्छता और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। इसके तहत गंगा घाटों, रेगुलेटरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर जमा कचरे को हटाया जा रहा है।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि गंगा, घाटों, रेगुलेटरों और आसपास के स्थानों पर नियमित रूप से सफाई कराई जाए। कचरे का समयबद्ध संग्रहण सुनिश्चित करते हुए उसका उचित निस्तारण किया जाए, ताकि किसी भी स्थान पर गंदगी जमा न हो।

उन्होंने सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया। नगर निगम का उद्देश्य गंगा बंदी के दौरान सफाई व्यवस्था को मजबूत करना और शहर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *