इनर व्हील क्लब ने गोविंद घाट पर चलाया गंगा सफाई अभियान

Listen to this article

मेयर किरण जैसल ने भी की सहभागिता, गंगा स्वच्छता के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर

गंगा की निर्मलता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी: किरण जैसल

हरिद्वार, 26 अक्टूबर। इनर व्हील क्लब की ओर से गोविंद घाट पर गंगा सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में क्लब की पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ मेयर किरण जैसल ने भी सहभागिता की। इस दौरान क्लब से जुड़ी महिलाओं ने घाट और गंगा में फैले कूड़े-कचरे तथा पुराने कपड़ों को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया।

गंगा में गंदगी न डालने की अपील

इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने कहा कि गंगा की स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गंगा की निर्मलता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। स्वच्छता के प्रति जागरूकता तभी सार्थक होगी, जब लोग अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नदियों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने से बचेंगे।

उन्होंने लोगों से अपील की कि कपड़े, प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य कचरा गंगा में न डालें। साथ ही दूसरों को भी गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित करें।

जनभागीदारी से ही संभव है गंगा की स्वच्छता

इनर व्हील क्लब की जोनल क्लब कोऑर्डिनेटर रुचिता सक्सेना ने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। सामाजिक संस्थाओं को समाज के बीच जाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए।

क्लब की अध्यक्ष मंजू वत्स ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे दैनिक आदत और जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि क्लब की सदस्य सामाजिक कार्यों और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाती हैं।

सफाई अभियान में क्लब की उपाध्यक्ष प्रियंका पांडेय, कोषाध्यक्ष मोनिका मोदी, एडिटर डॉ. विनीता कुमार, अनु जैन, पुष्पा आर्य, चारू बहल और शैली मांधाता सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *