एनयूजेआई ने आयोजित किया गणेश शंकर विद्यार्थी जयंती, विभूति सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह

Listen to this article

देश की आजादी के संघर्ष में गणेश शंकर विद्यार्थी का योगदान अनुकरणीय : प्रदीप बत्रा

जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में पत्रकारों की अहम भूमिका : स्वामी यतीश्वरानंद

सोशल मीडिया के बाद एआई पत्रकारिता के लिए बड़ी चुनौती : अनुपम त्रिवेदी

हरिद्वार, 25 अक्टूबर। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) यानी एनयूजेआई के तत्वावधान में अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी जयंती, विभूति सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन प्रेस क्लब सभागार में किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक दायित्वों और बदलते मीडिया परिवेश पर चर्चा की गई। इस दौरान नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, अध्यक्षता कर रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, मुख्य वक्ता अनुपम त्रिवेदी, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। एनयूजेआई के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और महामंत्री जोगेंद्र सिंह मावी ने अतिथियों को पुष्पमाला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न, शंख और रुद्राक्ष की माला भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन अमित शर्मा ने किया। स्वामी यतीश्वरानंद ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई।

गणेश शंकर विद्यार्थी के जीवन से प्रेरणा लें पत्रकार

मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी का देश की आजादी के संघर्ष में अनुकरणीय योगदान रहा है। पत्रकारों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में तेजी से बदलाव आ रहे हैं, ऐसे में पत्रकारों को सावधानी और जिम्मेदारी के साथ अपने मिशन को आगे बढ़ाना होगा।

स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि पत्रकार सत्यता की परख कर समाज में व्याप्त विसंगतियों को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने लाते हैं। जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।

एआई के दौर में भी पत्रकारिता की भूमिका महत्वपूर्ण

मुख्य वक्ता अनुपम त्रिवेदी ने कहा कि पत्रकारिता लगातार बदलाव के दौर से गुजर रही है। सोशल मीडिया के बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। पत्रकारों और मीडिया संस्थानों को सभी पक्षों की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही समाचार प्रकाशित करना चाहिए। खबरों के प्रति जवाबदेही के कारण पत्रकारिता की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण बनी रहेगी।

एनयूजेआई जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और महामंत्री जोगेंद्र सिंह मावी ने कहा कि संगठन पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करेगा। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने भी पत्रकारिता के साथ सामाजिक दायित्व निभाने पर जोर दिया। वरिष्ठ पत्रकार रामचंद्र कन्नौजिया और सुनील दत्त पांडे ने अपने विचार रखे।

समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *