हरिद्वार। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम हरिद्वार एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम आवागमन एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना रहा।
संयुक्त टीम ने सीसीआर प्रशासनिक मार्ग सहित बिरला घाट, अलकनंदा घाट, शिव घाट, हाथी पुल, तिरछा पुल, सुभाष घाट, नई घाट तथा मालवीय घाट क्षेत्रों में अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान अस्थायी दुकानों, ठेलों और अन्य अवैध संरचनाओं को हटाकर संबंधित स्थानों को खाली कराया गया।
अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें कूड़ा-कचरा हटाकर घाटों एवं प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। इससे गंगा घाटों की स्वच्छता एवं सौंदर्य में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग दें।
