अर्द्धकुंभ बजट के दुरुपयोग का आरोप, कांग्रेस ने सरकार से मांगा श्वेत पत्र

Listen to this article

राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा बोले- कुंभ निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए

हरिद्वार, 4 अक्टूबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने अर्द्धकुंभ के लिए जारी बजट के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों में निष्पक्षता और पारदर्शिता नहीं अपनाई जा रही है। उन्होंने सरकार से कुंभ निर्माण कार्यों को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।

709 करोड़ रुपये के बजट पर उठाए सवाल

आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य और केंद्र सरकार की कथित लापरवाही के कारण जारी 709 करोड़ रुपये के कुंभ बजट का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को लेकर भाजपा के पार्षद भी सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने ज्वालापुर और बहादराबाद क्षेत्रों को अर्द्धकुंभ विकास कार्यों से पर्याप्त रूप से नहीं जोड़ने पर भी सवाल उठाए।

कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं की कमी

उन्होंने कहा कि सीतापुर, रवि विहार, ब्रह्मपुरी, शिव विहार, आन्नेकी और रोशनाबाद सहित कई क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति खराब है। कई कॉलोनियों में अभी तक सीवर लाइन की सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि पानी की टंकियां बना दी गई हैं, लेकिन कई जगह कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। उनका कहना था कि कुंभ बजट से इन क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जाते तो स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलता।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल

आलोक शर्मा ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रत्येक कार्य स्थल पर साइन बोर्ड लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बोर्ड पर संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर और कार्यदायी संस्था का नाम अंकित होना चाहिए। साथ ही थर्ड पार्टी ऑडिट की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि अर्द्धकुंभ आस्था का पर्व है और इससे जुड़े निर्माण कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कार्यों के टेंडर बाद में किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने सभी निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। प्रेसवार्ता में ग्रामीण जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, सोम त्यागी, मनोज सैनी, सुरेश राणा, निर्मल सोनी, विकास चंद्रा, सीएल यूदेव सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *