जनचेतना रैली निकालकर लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक
हरिद्वार, 4 अक्टूबर। लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन की बैठक नेहरू युवा केंद्र में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के बाद नेहरू युवा केंद्र से गांधी पार्क तक जनचेतना रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी लोगों को आगे आना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ अभियान को लेकर सजग रहने की जरूरत है। एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी देशभर में सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की मांग की।
महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
वरिष्ठ कांग्रेस नेता विकास चौधरी एवं पूर्व राज्य मंत्री मकबूल कुरैशी ने कहा कि संगठित होकर ही जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रही है। किसान और मजदूर परेशान हैं तथा महंगाई लगातार बढ़ रही है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी एवं यशवंत सैनी ने कहा कि पढ़े-लिखे युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं का भी मुद्दा उठाया।
कुंभ कार्यों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
वक्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा विभिन्न हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कुंभ विकास कार्यों में खानापूर्ति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
सपा नेता मशकूर कुरैशी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में इंडिया गठबंधन बेहतर प्रदर्शन करेगा। इस दौरान सतपाल शास्त्री, प्रियव्रत, मोहन सिंह राणा, कैलाश प्रधान, राजवीर सिंह, मारकंडे, सोम त्यागी, मनोज सैनी, राजीव चौधरी, मेहरबान खान, गुलशेर अंसारी, शाहनवाज एडवोकेट, रविंद्र दीवान, बीएस तेजियान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
